Sunday, May 24, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास भीषण गर्मी में टीन शेड में हो रही है पढ़ाई, शिक्षा व्यवस्था...

भीषण गर्मी में टीन शेड में हो रही है पढ़ाई, शिक्षा व्यवस्था की खोल रही है पोल।

0
28

टीन शेड में पढ़ने को मजबूर सतभीड़वा प्राइमरी स्कूल के 85 बच्चे।

मुखिया ने कमरा व शौचालय बनवाने का दिया आश्वासन।

अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।

प्रखंड क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मुसहर टोली सतभीड़वा की स्थिति बदहाल बनी हुई है। भीषण गर्मी में फूस और टीन के शेड के नीचे 85 बच्चे पढ़ाई करने को मजबूर हैं। एक ओर तेज धूप और उमस से बच्चे परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर विद्यालय परिसर में सांपों के निकलने से छात्र-छात्राएं भय के माहौल में पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यालय में शौचालय तक की सुविधा नहीं है, जिससे बच्चों और शिक्षकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।विद्यालय की गंभीर स्थिति को देखते हुए मझौलिया पंचायत के मुखिया सत्यप्रकाश ने शुक्रवार को विद्यालय परिसर में ग्रामीणों और शिक्षकों के साथ बैठक की।

बैठक के दौरान भी सांप निकल आने से लोगों में दहशत फैल गई। मुखिया ने कहा कि यह विद्यालय पिछले करीब 20 वर्षों से दलित बस्ती में संचालित हो रहा है। भवन निर्माण के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध है, लेकिन अतिक्रमण के कारण शिक्षा विभाग द्वारा भवन निर्माण नहीं कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि बच्चों की परेशानी को देखते हुए पंचायत स्तर पर पहल करते हुए फिलहाल पंचायत फंड से एक कमरा और शौचालय निर्माण कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि बच्चों को कुछ राहत मिल सके। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार साह ने बताया कि विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक पढ़ाई होती है।

यहां 85 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं तथा पांच शिक्षक कार्यरत हैं। भवन निर्माण के लिए कई बार विभाग को लिखित सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।उन्होंने बताया कि विद्यालय चारों तरफ से अतिक्रमण और झाड़ियों से घिरा हुआ है। बरसात शुरू होने पर स्थिति और भयावह हो जाएगी। बैठक में भाजपा जिला अति पिछड़ा प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष कमल मुखिया, उपसरपंच शंभू भारती, सुदर्शन भारती, महंत माझी, अनिल भारती, सुनील कुमार और अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!