वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर स्थित 3 आरडी से निकलने वाली पोइन् नहर की सफाई कार्य में अनियमितता बरते जाने का मामला सामने आया है। प्रभावित किसानों ने सफाई कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विभाग से मांग के अनुरूप कार्य कराने की मांग की है। किसानों का आरोप है कि पोइन् की चौड़ाई के अनुरूप सफाई कार्य नहीं किया जा रहा है। जेसीबी मशीन से निकाली जा रही मिट्टी को नहर किनारे ही टीले के रूप में जमा कर दिया जा रहा है। इससे मिट्टी फिसलकर दोबारा पोइन् के अंदर गिर रही है, जिससे सफाई कार्य का उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पोइन् बेड की सतह की चौड़ाई घटकर महज साढ़े तीन फीट के आसपास रह गई है। वहीं पोइन् के मुहाने की चौड़ाई भी संकरी हो गई है, जिससे पर्याप्त मात्रा में पानी की निकासी नहीं हो पाएगी। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते सही तरीके से सफाई नहीं कराई गई तो सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होगी और खेतों तक पानी पहुंचाने में परेशानी होगी।
प्रभावित किसानों ने विभागीय अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण सफाई कार्य कराने तथा नहर से निकाली गई मिट्टी को उचित स्थान पर हटाने की मांग की है।






