विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा अनुमंडल सभागार में आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा द्वारा की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा, रामनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी, बगहा-1 एवं बगहा-2 के बीडीओ, रामनगर, नगर परिषद बगहा एवं रामनगर के कार्यपालक पदाधिकारी, बगहा-1, बगहा-2 एवं रामनगर के अंचल अधिकारी, बगहा, पटखौली एवं रामनगर के थानाध्यक्ष तथा अग्निशमन पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा बगहा, रामनगर एवं बगहा-2 प्रखंड के जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक में मुख्य रूप से ईद-उल-अजहा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर परिषद को निर्देश दिया गया कि शहर की सड़कों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा जहां-जहां बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं, उन्हें अविलंब ठीक कराया जाए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि वे अपनी मेडिकल टीम को आवश्यक दवाओं के साथ तैयार रखें, ताकि पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखते हुए पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।






