विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पुलिस अधीक्षक पश्चिम चंपारण, बेतिया डॉ. शौर्य सुमन द्वारा शनिवार को योगापट्टी थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना के समस्त अभिलेखों—स्टेशन डायरी, मालखाना पंजी, गिरफ्तारी पंजी, वारंट निष्पादन पंजी, निगरानी पंजी सहित अन्य आवश्यक पंजियों का घंटों तक गहन एवं सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, वारंट एवं कुर्की के प्रभावी क्रियान्वयन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) के योगापट्टी थाना में कार्यकाल की समीक्षा की तथा उन्हें प्रोत्साहित करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

इसके अतिरिक्त थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, आगंतुकों के साथ व्यवहार एवं विधि-व्यवस्था संधारण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आमजन के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार करने, प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण तत्परता बरतने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेयन ए.के., अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2, योगापट्टी थाना के अपर थाना अध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






