विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी की तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 मई 2026 की रात्रि में मस्तान टोला निवासी अफरोज आलम के घर से एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की चोरी हुई थी। इस संबंध में बगहा थाना कांड संख्या-157/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बगहा द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया, जो लगातार चोरी गई मोटरसाइकिलों की बरामदगी हेतु प्रयासरत थी। इसी क्रम में 09 मई 2026 की रात्रि करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आनंदनगर वार्ड-16 से तीन चोरों द्वारा एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई है। स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचना और हुलिया के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान उनके द्वारा अपराध स्वीकार करने पर पुलिस ने सेमरा थाना क्षेत्र से चोरी की गई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल तथा मस्तान टोला से चोरी हुई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया।पुलिस ने इस मामले में कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चंदन कुमार (20 वर्ष), संदीप कुमार (18 वर्ष), प्रिंस कुमार (21 वर्ष) और अनुज कुमार (18 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी बगहा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं।पुलिस द्वारा सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।






