Friday, May 8, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बगहा में अवैध हॉस्पिटल पर छापा, पांच मरीजों का रेस्क्यू, अस्पताल सील...

बगहा में अवैध हॉस्पिटल पर छापा, पांच मरीजों का रेस्क्यू, अस्पताल सील करने की कार्रवाई

0
34

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। नगर के गांधी नगर चौक स्थित एक अवैध रूप से संचालित हॉस्पिटल पर बुधवार की सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद हॉस्पिटल संचालक और वहां से जुड़े डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के जीवन ज्योति हॉस्पिटल में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) बगहा-1 के नेतृत्व में छापेमारी की गई।

जांच के दौरान अस्पताल में पांच मरीज भर्ती पाए गए, जिन्हें तत्काल रेस्क्यू कर बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेजने की बात कही गई। छापेमारी के दौरान बीडीओ बगहा-1 एवं पीएचसी बगहा-2 के प्रभारी डॉ. केबीएन सिंह द्वारा अस्पताल के सभी दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में अस्पताल से संबंधित सभी आवश्यक कागजात अवैध पाए गए। साथ ही मौके पर कोई भी योग्य डॉक्टर उपस्थित नहीं मिला। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए अस्पताल को सील करने की बात कही गई।


कार्रवाई के दौरान बगहा नगर थाना की पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रही, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी लेने पहुंचे संवाददाताओं को वरीय अधिकारियों के निर्देश का हवाला देते हुए अधिक जानकारी देने से परहेज किया गया। सूत्रों के अनुसार, इस अस्पताल में अनुमंडलीय अस्पताल में पदस्थापित डॉ. विजय कुमार द्वारा मरीजों का ऑपरेशन किया जाता था, जो छापेमारी के दौरान मौके से अनुपस्थित पाए गए। घंटों चली जांच पड़ताल के बाद मौके पर पहुंचे डॉक्टर बालेश्वर शर्मा मौजूद दिखे। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी वर्षों पहले इस अस्पताल की जांच अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा की गई थी, जिसमें कई अनियमितताएं उजागर हुई थीं।

बावजूद इसके अस्पताल का संचालन जारी रहना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। सूत्रों की मानें तो इस कार्रवाई के सिलसिले में सीएस पश्चिम चंपारण को लिखित सूचना डॉक्टर केबीएन के द्वारा भेजा गया है अब देखना यह होगा कि क्या यह मामले को रफ़ादफा कर दी जाती है या करवाई की जाती है जो मरीजों के जान के साथ खिलवाड़ करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!