विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पुलिस जिला बगहा अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र के फुलकौल इलाके में सोमवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने कुख्यात अपराधी पुट्टू मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हमलावरों ने पुट्टू मिश्रा पर ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह घटना जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि हमलावरों ने पूरी योजना के तहत इस हत्याकांड को अंजाम दिया। मामले को वर्चस्व की लड़ाई और गैंग कनेक्शन से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

बताया जाता है कि पुट्टू मिश्रा का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या, लूट समेत कई संगीन मामलों में विभिन्न थानों में केस दर्ज थे। वह लंबे समय तक जेल में भी रह चुका था। रामनगर के चर्चित फखरुद्दीन खान हत्याकांड में भी उसका नाम मास्टरमाइंड के रूप में सामने आ चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची बगहा की प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी और एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया है। एसपी निर्मला कुमारी ने बताया कि इस हत्याकांड के पीछे गैंग कनेक्शन, आपसी दुश्मनी और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।






