विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पश्चिम चंपारण (बगहा)। वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद माननीय सुनील कुमार कुशवाहा के सौजन्य से भीतहा प्रखंड के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सोलर लाइट लगाने का सराहनीय कार्य किया गया है। इस पहल के अंतर्गत डीही पकड़ी सोमारी चौक, छठ घाट पोखरा तथा ग्राम भेड़ियारी टोला स्थित शिव मंदिर परिसर में सोलर लाइट स्थापित की गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इन स्थानों पर पहले अंधेरा रहने के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। खासकर शाम के समय आवागमन में परेशानी होती थी और असुरक्षा की भावना बनी रहती थी। छठ घाट पर अंधेरा होने से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान दिक्कत होती थी। अब सोलर लाइट लगने से न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि लोगों में सुरक्षा का भी एहसास बढ़ा है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख लल्लन कुशवाहा, वीआईपी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राम भरोसा यादव, हैदर अली, डॉ. मुकेश गौतम, रंगलाल राम, छोटेलाल ठाकुर, गोविंद राम, केदार जैसवाल, संतोष राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सांसद श्री कुशवाहा के इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि सोलर लाइट जैसी सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि इससे बिजली की कमी की समस्या से भी राहत मिलती है। साथ ही यह पर्यावरण के अनुकूल भी है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सांसद सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में आगे भी इसी तरह के विकास कार्य क्षेत्र में होते रहेंगे, जिससे आमजन को अधिक से अधिक लाभ मिल सके और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो।






