विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पुलिस अधीक्षक बगहा रामानंद कौशल द्वारा सेमरा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना में संधारित रनिंग रजिस्टर, ओडी (OD) पंजी का गहन अवलोकन किया तथा मालखाना के रख-रखाव की स्थिति की भी जांच की। उन्होंने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए संबंधित अनुसंधानकर्ताओं को मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के स्पष्ट निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण एवं आम जनता के साथ बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने थानाध्यक्ष सेमरा को निर्देशित किया कि संवेदनशील मामलों पर सतत निगरानी रखें तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय ने अनुसंधानकर्ताओं एवं थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को कार्य में पारदर्शिता, अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों का अद्यतन संधारण एवं पुलिस कर्मियों की उपस्थिति का भी जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जनता की सेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण से थाना स्तर पर कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है। वही सेमरा बाजार में पुलिस अधीक्षक बगहा द्वारा जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया ।यह संवाद पुलिस अधीक्षक बगहा रामानंद कौशल के नेतृत्व में सेमरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा बाजार में “जन संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देना रहा।

जन संवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन किया जाएगा तथा पुलिस सदैव जनता की सेवा के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामनगर एवं सेमरा थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही।






