सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन 5 से 7 नेत्र रोगी उठा रहे हैं लाभ।
अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया में प्रतिदिन 5 से 7 नेत्र रोगी मरीज निशुल्क नेत्र जांच योजना का लाभ उठा रहे हैं। उक्त जानकारी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनुपम प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग बिहार सरकार की ओर से चलाई जा रही निशुल्क नेत्र जांच योजना नेत्र रोगियों के लिए वरदान साबित हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की इस लाभकारी योजना के तहत आंखों की जांच के बाद नेत्र रोगियों को निशुल्क चश्मा भी उपलब्ध कराया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया में नेत्र रोगी मरीजों के लिए डॉक्टर प्रशांत कुमार को तैनात किया गया है। जो प्रतिदिन नेत्र रोगी मरीजों की आधुनिक तरीके से जांच करने के बाद उनको संबंधित नंबर का चश्मा भी देने के लिए विभागीय लिखा पढ़ी करते हैं और उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने बताया कि नेत्रों से जुड़ी समस्याएं वर्तमान समय में काफी तेजी से बढ़ रही है। छोटे-छोटे बच्चों में भी आंखों से संबंधित कठिनाइयां देखने को मिल रही है। ऐसे में उचित समय पर गहनता पूर्वक जांच कर और उचित नंबर का चश्मा मिलना अति अनिवार्य है। वैसे आजकल युवा वर्ग भी नेत्र रोगों से काफी प्रभावित हो रहे हैं। वैसे तो उम्र के बाद लोगों के आंखों की रोशनी में कमी आ जाती है और नजदीक की लिखावट पढ़ना कठिन हो जाता है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ग्रामीण इलाकों से भी नेत्र रोगी आ रहे हैं। पहले सरकारी अस्पताल में सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण नेत्र रोगियों को निजी क्लिनिको में महंगे इलाज के लिए विवश होना पड़ता था लेकिन अब वही सुविधा सरकारी अस्पतालों में मुफ्त में मिल रही है ।जिससे न केवल लोगों का समय का बचत हो रहा है साथ ही साथ पैसे की भी बचत होने लगी है। नेत्र रोगियों ने स्वास्थ्य विभाग बिहार सरकार की इस सुविधा के लिए साधुवाद देते हुए प्रशंसा किया है।






