Saturday, February 14, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बेतिया ने भव्य परेड के साथ मनाया...

65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बेतिया ने भव्य परेड के साथ मनाया 77वां गणतंत्र दिवस

0
51

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार


बगहा, 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बेतिया द्वारा 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के जज्बे के साथ भव्य परेड के माध्यम से मनाया गया। यह आयोजन वाहिनी के कमांडेंट श्री नंदन सिंह मेहरा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि भारत सरकार के माननीय केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा वाहिनी के शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने कमांडेंट श्री नंदन सिंह मेहरा के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके पश्चात बिहार पुलिस के नव-प्रशिक्षुओं एवं 65वीं वाहिनी के जवानों द्वारा अनुशासनबद्ध और प्रभावशाली मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को गौरवान्वित कर दिया।


इस अवसर पर कमांडेंट श्री नंदन सिंह मेहरा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए वाहिनी की उपलब्धियों, सीमा सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि श्री सतीश चंद्र दुबे ने अधिकारियों, जवानों, उनके परिजनों एवं आम नागरिकों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए देश की सुरक्षा में एसएसबी के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि “65वीं वाहिनी बेतिया न केवल सीमा की प्रहरी है, बल्कि चंपारण क्षेत्र को नक्सल मुक्त और भयमुक्त बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही है।”
मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद मैदान में जोश और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बिहार पुलिस के नव-प्रशिक्षुओं द्वारा प्रस्तुत रिफ्लेक्स शूटिंग, टेटू ड्रिल, वॉल्टिंग बॉक्स, ब्लाइंड टीओटीई एवं श्वान दस्ते का प्रदर्शन रहा। साथ ही एसएसबी के जवानों ने अपने युद्ध कौशल और सामरिक क्षमताओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।


इस भव्य समारोह में बगहा विधायक श्री राम सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!