विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा के समग्र विकास को लेकर अब आम लोग और यात्री वर्ग जागरूक होकर गोलबंद होने लगे हैं। बगहा रेलवे स्टेशन पर आज भी पर्याप्त यात्री सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे रोज़ाना यात्रा करने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर डिवीजन अंतर्गत आने वाले सांसदों के साथ वर्ष 2024 में हुई मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) की बैठक में वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार ने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़ी कई अहम रेलवे समस्याओं को उठाया था। उस बैठक में कुछ समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू होने और कुछ मामलों में डिवीजन स्तर से रेल मंत्रालय के वरीय अधिकारियों को पत्राचार किए जाने की जानकारी दी गई थी। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अब तक अधिकांश कार्य केवल काग़ज़ों में ही प्रगति पर दिख रहे हैं।
बैठक में यह भी बताया गया था कि बगहा से चौतरवा, बथवरिया, नवलपुर, योगापट्टी होते हुए बेतिया तक नई रेल सेवा शुरू करने के लिए सर्वेक्षण कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य प्रगति पर है। इस सर्वे की वास्तविक स्थिति क्या है, इसे लेकर बगहा के लोग जानने को उत्सुक हैं।
इसी क्रम में बगहा निवासी एवं शिक्षक सुनील कुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से सांसद, रेल मंत्रालय, पूर्व मध्य रेलवे, डीआरएम समेत संबंधित अधिकारियों को टैग करते हुए कई अहम सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि बगहा–चौतरवा–बेतिया नई रेललाइन सर्वे की स्वीकृति के बाद अब तक कितनी प्रगति हुई है। इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के फेज-2 में बगहा स्टेशन को शामिल करने के लिए भेजे जाने वाले प्रस्ताव की वर्तमान स्थिति क्या है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आदर्श स्टेशन योजना के तहत बगहा रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य मार्च 2025 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब भी निर्माण कार्य अधूरा क्यों है। स्टेशन के बाहर हाई मास्ट तिरंगा लगाने की घोषणा भी अब तक पूरी नहीं हो सकी है। वहीं, कोरोना काल से पूर्व बंद पड़ी ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से पुनः शुरू करने की बात कही गई थी, जिस पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
व्यवसायी समाज के हितों को ध्यान में रखते हुए बगहा रेलवे ओवरब्रिज के दोनों तरफ सीढ़ी निर्माण का भी प्रावधान किया गया था, लेकिन यह सुविधा भी अब तक पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर सकी है।
गौरतलब है कि सांसद ने 17 जनवरी 2024 की बैठक के बाद डीआरएम की ओर से दिए गए जवाब को सार्वजनिक करते हुए बताया था कि बगहा रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य आदर्श स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है, जिसे मार्च 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के फेज-2 में बगहा स्टेशन को शामिल करने का प्रस्ताव भेजे जाने, स्टेशन के बाहर हाई मास्ट तिरंगा लगाने और बगहा समेत भैरोगंज, हरिनगर, नरकटियागंज व सिकटा स्टेशनों पर दिव्यांगजनों के लिए रैंप सुविधा उपलब्ध कराने की योजना की जानकारी दी गई थी।
इन तमाम घोषणाओं के बावजूद कार्यों की धीमी गति से बगहा के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय शिक्षक सुनील कुमार ने रेलवे और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बगहा के विकास को नजरअंदाज न किया जाए और घोषित योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए।






