घटनास्थल का पुलिस अधीक्षक सिवान ने किया निरीक्षण, SIT गठित
बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
सिवान, बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मलमलिया–खोरिपाकर रोड के किनारे चोरी के प्रयास के दौरान पुलिस पर फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16.01.2026 को रात्रि करीब 02:09 बजे डायल-112 के माध्यम से बसंतपुर थाना को सूचना मिली कि सड़क किनारे खड़े एक ट्रक का चक्का कुछ अज्ञात चोरों द्वारा खोला जा रहा है तथा समीप एक पिकअप वाहन चालू अवस्था में खड़ा है। सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापामारी की गई।
छापामारी के दौरान चोरों को पकड़ने के प्रयास में अभियुक्तों द्वारा पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी गई, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ एवं नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। इस दौरान घटनास्थल पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, उसी क्रम में पास मौजूद दो महिलाओं के पैर में गोली लग गई।

घायल दोनों महिलाओं को तत्काल प्राथमिक उपचार हेतु पीएचसी बसंतपुर में भर्ती कराया गया, जहाँ से चिकित्सकों द्वारा बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सिवान रेफर किया गया। वर्तमान में दोनों महिलाओं की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद भाग रहे पिकअप वाहन का डायल-112 पुलिस टीम ने पीछा कर मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, सिवान एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महाराजगंज द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। त्वरित उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महाराजगंज के नेतृत्व में SIT का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में उत्तर प्रदेश में टायर चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच की जा रही है।






