बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
सिवान ज़िले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिश्रवलिया में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव सरकारी स्कूल के पास रेलवे लाइन किनारे पाया गया है।
स्थानीय लोगों द्वारा शव देखे जाने के बाद तत्काल इसकी सूचना भगवानपुर हाट थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। वहीं, व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि मौत ट्रेन से गिरने, नशे की हालत में ठंड लगने अथवा किसी अन्य कारण से हो सकती है।
पुलिस द्वारा आसपास के थानों में शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और मामले की गंभीरता से पड़ताल जारी है।






