विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर पुलिस जिला बगहा में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को पुलिस अधीक्षक बगहा सुशांत कुमार सरोज के नेतृत्व में पटखौली थाना क्षेत्र अंतर्गत संध्या समय सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच कार्यों का निरीक्षण किया तथा उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनावी अवधि में जिले की सीमाओं, मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

वाहन जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली और आवश्यक कागजातों की जांच की। बिना वैध दस्तावेज वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक, बगहा, तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एसपी ने सभी को निर्देशित किया कि चुनावी आचार संहिता के पालन के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अशांति फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी सरोज ने आम जनता से भी अपील की कि वे चुनाव के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।






