Thursday, February 12, 2026
No menu items!
Google search engine
Home एजुकेशन लौरिया से अपहृत बालक 6 घंटे में सकुशल बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार

लौरिया से अपहृत बालक 6 घंटे में सकुशल बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार

0
263

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

लौरिया थाना क्षेत्र के निवासी अनुप कुमार श्रीवास्तव के 6 वर्षीय पुत्र आर्यन का अपहरण सोमवार की दोपहर विद्यालय से हो गया। परिजनों ने घटना की सूचना दोपहर 12:40 बजे लोरिया थाना को दी। विद्यालय के शिक्षक ने भी बताया कि एक अज्ञात युवक ने बच्चे के संबंध में जानकारी ली थी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चंपारण, बेतिया के आदेश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेतिया सदर–1 के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।

जांच में विद्यालय के अन्य शिक्षक, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। गवाहों ने बताया कि आरोपी युवक पीले रंग की टी-शर्ट पहने था और विद्यालय के सामने से ही बच्चे को लेकर चला गया। शिक्षक को आए कॉल और तकनीकी विश्लेषण से मिले इनपुट में समानता मिलने पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित हो गई।

तकनीकी ट्रैकिंग से मोबाइल नंबर का लोकेशन गोरखपुर के आसपास पाया गया। समय और दिशा के आधार पर यह अनुमान लगाया गया कि आरोपी रामनगर स्टेशन से अवध असम एक्सप्रेस में बैठकर गोरखपुर की ओर गया है।

इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया ने वरिष्ठ रेल पदाधिकारियों, गोरखपुर रेल जीआरपी और गोरखपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक से त्वरित सहयोग मांगा। आरोपी व बच्चे की फोटो तत्काल साझा की गई। रेल जीआरपी और गोरखपुर पुलिस की तत्पर कार्रवाई से मात्र 6 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई। मामले की आगे की जांच जारी है।

छापेमारी एवं अनुसंधान टीम में शामिल अधिकारी:


अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विवेक दीप, पुलिस उपाधीक्षक गोरख बैठा (विशेष अपराध), पुलिस उपाधीक्षक अतनु दत्त (यातायात), अंचल निरीक्षक राजीव कुमार (शिकारपुर), पु.अ.नि. इंद्रजीत पासवान (विशेष आसूचना इकाई), अपर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार (लौरिया), पु.अ.नि. ओमप्रकाश गुप्ता (विशेष आसूचना इकाई), जयशल कुमार, सौरभ कुमार, पवन कुमार (सभी पु.अ.नि. लौरिया) सहित विशेष आसूचना इकाई एवं थाना से सिपाही बल।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!