रामनगर: सरकारी अनाज घोटाले का पर्दाफाश, पैक्स अध्यक्ष और पूर्व प्रतिनिधि पर FIR दर्ज!

0
IMG-20250627-WA0029.jpg

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा अनुमंडल अंतर्गत रामनगर प्रखंड के तौलाहा पंचायत में संचालित जनवितरण प्रणाली दुकान में एक बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। शुक्रवार, 27 जून 2025 को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा रामनगर थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार सरकारी अनुदानित अनाज की भारी मात्रा में कालाबाजारी का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, तौलाहा पैक्स गोदाम के ठीक पीछे एक संदिग्ध निजी गोदाम में बिहार स्टेट फूड एंड सिविल सप्लाई का सील पैक सरकारी अनाज से भरा 40 जूट बोरा बरामद हुआ। यह बोरा खुला हुआ था, जिससे संदेह और भी गहराता गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल चार सदस्यीय जांच टीम गठित कर मामले की विस्तृत जांच कराई। जांच टीम द्वारा सौंपे गए साक्ष्ययुक्त प्रतिवेदन में स्पष्ट रूप से तौलाहा के पैक्स अध्यक्ष राजेश प्रसाद एवं पूर्व डोर-स्टेप डिलीवरी प्रतिनिधि दिपु कुमार की संलिप्तता पाई गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों व्यक्तियों की मिलीभगत से सरकारी अनाज को अवैध रूप से छुपाया गया, जिससे यह प्रतीत होता है कि इस अनाज को कालाबाजारी के उद्देश्य से रखा गया था। प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 7 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत रामनगर थाना कांड संख्या- 395/2025 दर्ज कराया गया है। आरोपितों में: राजेश प्रसाद, पैक्स अध्यक्ष, पिता – रामानन्द साह, निवासी – तौलाहा,दीपू कुमार, पूर्व डोर-स्टेप डिलीवरी प्रतिनिधि, पिता – सूरज साह, निवासी – वार्ड 14, बाबू परसौनी, मानपुर शामिल हैं। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। वरीय अधिकारी इस पूरे मामले पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं और जल्द ही अन्य संलिप्त लोगों पर भी शिकंजा कसने की संभावना है। इस घटना से एक बार फिर से जनवितरण प्रणाली की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। आम जनता इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है। जनता की थाली से अनाज चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा – प्रशासन का सख्त संदेश। बगहा एसडीएम गौरव कुमार के रहते हुए कोई भी कालाबाजारी करने वाला बच नहीं पाएगा ,ऐसा इस कांड से प्रतीत होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!