शादमान शकील हैदर / विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा, शुक्रवार को बिहार प्रशासनिक सेवा की अधिकारी चांदनी कुमारी ने बगहा अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के अवसर पर बगहा की डीसीएलआर अंजलिका कृति ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान अनुमंडल कार्यालय के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी नवपदस्थापित एसडीएम का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
उल्लेखनीय है कि लंबे अंतराल के बाद बगहा अनुमंडल को बिहार प्रशासनिक सेवा की अधिकारी के रूप में एसडीएम मिला है। इससे पूर्व बगहा में पदस्थापित रहे अधिकांश एसडीएम भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से थे। ऐसे में चांदनी कुमारी की तैनाती को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बगहा अनुमंडल में महिला सशक्तिकरण की बात करें तो वर्तमान में कई महत्वपूर्ण पदों पर महिला पदाधिकारी प्रभावी ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। इनमें डीसीएलआर अंजलिका कृति, रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, बगहा-1 की अंचलाधिकारी नर्मदा श्रीवास्तव, भैरोगंज थाना प्रभारी सीता केवट, महिला थाना प्रभारी पुष्पा कुमारी सहित अन्य महिला अधिकारी शामिल हैं, जिनके कार्यों की व्यापक सराहना हो रही है।
नवागत एसडीएम चांदनी कुमारी के पदभार संभालने पर बगहा नगरवासियों में भी उत्साह देखा गया और लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रशासन की अपेक्षा जताई।






