विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया (पश्चिमी चंपारण) पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि इलमराम चौक, गंज नंबर–01 स्थित गोविन्द फार्मा सर्जिकल नामक थोक विक्रेता की दुकान पर प्रतिबंधित लॉटरी टिकट का अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा है। उक्त दुकान हाथी वाला मैरेज हॉल के सामने स्थित है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी चंपारण बेतिया द्वारा त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर सहायक पुलिस अधीक्षक, बेतिया के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

बेहतर सूचना आदान–प्रदान के आधार पर गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलमराम चौक गंज नंबर–01 स्थित गोविन्द फार्मा सर्जिकल दुकान पर छापामारी की। छापामारी के दौरान दुकान की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में दुकान से सिक्किम एवं नागालैंड राज्य से डियर कंपनी द्वारा निर्गत कुल 4820 (चार हजार आठ सौ बीस) प्रतिबंधित लॉटरी टिकट बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त मौके से ₹24,060 (चौबीस हजार साठ रुपये) नकद, पाँच डुप्लीकेट नोटबुक तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

इस अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा लॉटरी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित लॉटरी टिकट के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।






