अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र में विद्या, बुद्धि और वाणी की देवी मां सरस्वती की पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। सरस्वती पूजा के अवसर पर एम.जी पब्लिक हाई स्कूल,ए .एच होली मिशन, आर .के इंटरनेशनल हाई स्कूल, मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, रामेश्वर दयाल मध्य विद्यालय, श्री गोपीनाथ ज्ञान दर्शन शिशु विद्या मंदिर, आर.पी मेमोरियल हाई स्कूल
सहित सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों एवं विभिन्न पूजा समितियों द्वारा भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही पूजा पंडालों और शैक्षणिक संस्थानों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा की स्थापना की गई और श्रद्धालुओं ने पुष्प, फल एवं प्रसाद अर्पित कर मां से विद्या और सफलता का आशीर्वाद मांगा। पूरे क्षेत्र में पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी लाइटें और सुंदर साज-सज्जा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कई पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने भजन, गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, खासकर छात्र-छात्राएं मां सरस्वती की आराधना में पूरे मनोयोग से जुटे रहे।
सरस्वती पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती से विधि-व्यवस्था बनी रही। साथ ही पूजा समितियों द्वारा साफ-सफाई और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया। पूजा के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।






