Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्वी चम्पारण में चल रही...

मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्वी चम्पारण में चल रही विभिन्न योजनाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश

0
21

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्वी चम्पारण जिले में विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने मोतिहारी के महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने टाटा टेक के सहयोग से चलाए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया और छात्राओं से जानकारी ली। छात्राओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि हमलोगों को इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम से काफी फायदा हो रहा है तथा बहुत कुछ सीखने का मौका मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग ठीक से प्रशिक्षण लें, पढ़ाई करें और रोजगार प्राप्त करें।

मुख्यमंत्री ने महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर पूर्वी चम्पारण जिले के लिए 34 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास एवं 138 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में लघु उद्यमी योजना तथा बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति से लाभ प्राप्त कर रहे उद्यमियों के उत्पादों को देखा और उनकी सराहना की। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से बातचीत करते हुये कहा कि आप सब स्वरोजगार कर रहे हैं, यह बहुत खुशी की बात है। हमलोग चाहते हैं कि आपलोग आगे बढ़ें, इसके लिए सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कृषि, खाद्य पदार्थ एवं अन्य निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने 27 हजार 429 जीविका स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न बैंक लिंकेज के माध्यम से आर्थिक सहायता हेतु 370 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से कहा कि आप लोग अच्छा काम कर रही हैं। हमलोग यही चाहते हैं कि आपलोग तरक्की करें और आगे बढ़ें।

मुख्यमंत्री ने ग्राम मजुराहों में मोतिहारी शहर को कोटवा से जोड़ने के लिए धनौती नदी पर निर्माणाधीन उच्चस्तरीय आर०सी०सी० पुल सह पहुंच पथ का जायजा लिया। जायजा के क्रम में अधिकारियों को निर्देश देते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे जल्द पूर्ण करें, इससे लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने पूर्वी चम्पारण जिले के कल्याणपुर प्रखंड स्थित कैथवलिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर के प्रगति कार्य का जायजा लिया तथा सहस्रलिंगम पूजन समारोह में शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!