बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
पचरुखी (सिवान)। प्रखंड क्षेत्र के मक्खनुपुर गांव में आयोजित 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, 5 दिवसीय निःशुल्क योग एवं चिकित्सा जांच शिविर तथा 10वीं/12वीं के बाद निःशुल्क शिक्षा मार्गदर्शन कार्यक्रम का समापन 12 जनवरी 2026 को दीप यज्ञ के साथ श्रद्धा व उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
समापन अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि गायत्री महायज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। योग व चिकित्सा शिविर के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, वहीं छात्र-छात्राओं को 10वीं और 12वीं के बाद निःशुल्क शिक्षा के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मृत्युंजय कुमार, गायत्री परिवार के सदस्य, पतंजलि यूथ के जिला प्रभारी, योग गुरु अंगद जी महाराज, दीपक पर्वत जी (जिला प्रभारी), कुंदन जी, देवनाथ मुखिया जी तथा राजेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे सामाजिक व आध्यात्मिक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की अपील की।
दीप यज्ञ के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने देश, समाज और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं व स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही।






