अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया। प्रखंड अंतर्गत बैठनिया भानाचक पंचायत के वार्ड संख्या 10 में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि पंचायत में बन रही सड़क में भारी अनियमितता बरती जा रही है और मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्य स्थल पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मामले की जांच की मांग की। ग्रामीण अभिरंजन कुमार उर्फ लड्डू, नवीन कुमार, रंजन कुमार, अख्तर आलम, साबिर आलम, बाली प्रसाद, विजय कुमार, अरुण कुमार, अमीर आलम, मंटू कुमार व आशीष कुमार का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य पंचायत की मुखिया आशा देवी के पति दीनानाथ साह द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि न तो गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है और न ही किसी प्रकार का स्टीमेट बोर्ड लगाया गया है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि योजना किस मद से और कितनी राशि से संचालित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार जब उन्होंने निर्माण की जानकारी मांगी तो मुखिया पति ने दबंगई दिखाई।इस दौरान रंजन कुमार के साथ कथित तौर पर मारपीट भी की गई। रविरंजन कुमार उर्फ लड्डू ने आरोप लगाया कि मुखिया पति ने धमकी दी कि यदि कोई सवाल करेगा तो उसके प्रधानमंत्री आवास योजना की जांच कराकर उसका लाभ कटवा दिया जाएगा।
घटना से पंचायत में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में मुखिया पति दीनानाथ साह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दुर्भावना के तहत उन्हें बदनाम किया जा रहा है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।






