अजय कुमार गुप्ता भितहा पश्चिम चंपारण, बिहार
भितहा प्रखंड के रूपही टांड़ गांव में सोमवार को हुई भीषण अगलगी की घटना के बाद पीड़ित परिवारों के लिए राहत कार्य शुरू किया गया। इस आगलगी में संगीता देवी, ज्ञानती देवी, गुड्डी देवी, मोहन राम और मथुरा राम समेत कुल पांच परिवारों के घर जलकर पूरी तरह राख हो गए थे। आग की चपेट में आने से अनाज, कपड़े, बिस्तर और दैनिक उपयोग की सभी आवश्यक वस्तुएं नष्ट हो गईं, जिससे पीड़ित परिवार कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही हथुअहवा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप गुप्ता पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और मानवीय संवेदना दिखाते हुए राहत सामग्री उपलब्ध कराई। उन्होंने पीड़ितों को कंबल, चादर, आलू, प्याज, तेल, दाल, चावल, मसाला के साथ-साथ कुछ नगद राशि भी प्रदान की, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
राहत पाकर पीड़ित परिवारों ने मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप गुप्ता का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को पहले भी अपने स्तर से सहयोग दिया गया है और आगे भी हर संभव मदद जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अग्नि पीड़ितों को शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे दोबारा अपना जीवन पटरी पर ला सकें।
इस अवसर पर विजय गुप्ता, गुड्डू अली, हरमुन चौधरी, कमलेश राम, मुखलाल राम सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।






