Friday, February 13, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास राजस्व मामलों की तेज़ सुनवाई के निर्देश, 31 दिसंबर तक शत-प्रतिशत स्कैनिंग...

राजस्व मामलों की तेज़ सुनवाई के निर्देश, 31 दिसंबर तक शत-प्रतिशत स्कैनिंग का लक्ष्य

0
80

रमेश ठाकुर – पश्चिम चंपारण,बिहार
दिनांक:- 26-12-2025

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार के प्रधान सचिव श्री सी.के. अनिल की अध्यक्षता में गुरुवार को भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में राजस्व से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ प्रधान सचिव एवं जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। जिलाधिकारी ने पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर प्रधान सचिव का स्वागत किया।

बैठक में जिलाधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी कि जिले में दाखिल-खारिज मामलों के निष्पादन की स्थिति संतोषजनक है। हालांकि 75 दिनों से अधिक के 1716 तथा 35 दिनों से अधिक के 1575 मामले अभी लंबित हैं, जिन्हें दो-तीन दिनों के भीतर निष्पादित करने का आश्वासन दिया गया।

प्रधान सचिव ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि एससी/एसटी, विधवा एवं गंभीर बीमारी से पीड़ित आवेदकों के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। परिमार्जन प्लस योजना के अंतर्गत शेष 5632 मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश भी दिए गए।

राजस्व अभियान की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि 31 दिसंबर से पूर्व सभी दस्तावेजों की शत-प्रतिशत स्कैनिंग पूरी की जाए। उन्होंने बताया कि भूमि बंटवारे के मामलों को भी 20 दिसंबर से राजस्व महा अभियान के अंतर्गत शामिल कर लिया गया है।

सरकारी भूमि से जुड़े मामलों की समीक्षा में प्रधान सचिव ने 90 दिनों के भीतर सभी शेष सरकारी भूमि का दाखिल-खारिज पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही हल्कावार लैंड बैंक तैयार करने, पांच एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को चिन्हित करने तथा गैर मजरूआ आम, गैर मजरूआ खास एवं कैसरे हिंद भूमि को नक्शे में चिह्नित कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को 14 जनवरी 2026 तक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश देते हुए कहा कि नववर्ष में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री सह उपमुख्यमंत्री द्वारा जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारी अभी से सुनिश्चित की जाए।

प्रधान सचिव ने बताया कि 1 जनवरी 2026 के बाद सभी भू-अभिलेख डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त पोर्टल के माध्यम से ही निर्गत किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विभाग एवं सरकार की छवि बनाए रखने की अपील की।

बैठक में सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता राजस्व दिनेश राम, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी अजय कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्त सहित सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अंचलाधिकारी एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!