विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
प्रखंड बगहा एक के सिसवा बसंतपुर पंचायत के बसंतपुर गांव की सड़कें इन दिनों जलजमाव की समस्या से जूझ रही हैं। हल्की बारिश होते ही सड़कें पानी में डूब जाती हैं, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति कई माह से बनी हुई है, लेकिन पंचायत स्तर पर कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने गांव की समस्या को लेकर मुखिया प्रतिनिधि अभिनन्दन जयसवाल उर्फ झुन्नू से शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रतिनिधि ने यह कहकर काम कराने से मना कर दिया कि वहां के लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया, इसलिए पंचायत कार्य नहीं होंगे। इस कथन से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर विधायक से भी संपर्क किया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार जलजमाव के चलते सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और राहगीरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। गांव की महिलाएं और स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, जिन्हें रोजाना जलमग्न रास्तों से गुजरना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया कि जलजमाव की इसी समस्या को लेकर पिछले चुनाव के दौरान कई लोगों ने मतदान का बहिष्कार भी किया था, हालांकि कुछ लोगों ने जाकर वोट कर दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद प्रशासन या पंचायत ने कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला।इधर, जब मुखिया प्रतिनिधि अभिनन्दन जयसवाल से इस संबंध में दूरभाष पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार से कोई फंड नहीं आ रहा है, जिसके कारण पंचायत में विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही फंड मिलेगा, सड़क मरम्मत और नाली निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।






