विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। नगर क्षेत्र में करोड़ों की लागत से बना लहेरीया फ्लाईओवर इन दिनों अंधेरे में डूबा हुआ है। पुल पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगने से जहां राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने की आशंका भी बढ़ गई है। यह पुल बगहा नगर के मध्य भाग में स्थित है और यहां से रोजाना हजारों वाहन एवं पैदल यात्री गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर के मुख्य सड़कों पर रंग-बिरंगी एलईडी लाइटें तो लगाई गई हैं, लेकिन फ्लाईओवर पर प्रशासन की उदासीनता साफ झलकती है। पुल का शिलान्यास केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा किया गया था, जबकि उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग एक वर्ष पूर्व किया था। इसके बावजूद आज तक स्ट्रीट लाइट लगाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
रेलवे स्टेशन नजदीक होने के कारण यहां देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे किसी बड़ी आपराधिक घटना की आशंका से लोग चिंतित हैं। स्थानीय व्यापारी बताते हैं कि फ्लाईओवर बनने के बाद दुकानों के सामने ग्राहकों के लिए पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे व्यवसाय पर नकारात्मक असर पड़ा है। छठ महापर्व निकट आने के बावजूद प्रशासन की ओर से फ्लाईओवर पर रोशनी व्यवस्था या सुरक्षा के लिए कोई पहल नहीं की गई है। लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर स्ट्रीट लाइटें लगाने, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और पार्किंग की उचित सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।






