फखरूद्दीन खां की विरासत संभाल रहीं नाज़नीन खानम, वोटर अधिकार यात्रा में दिखा असर

0
709

रमेश ठाकुर – नरकटियागंज पश्चिम चंपारण
दिनांक:- 31-08-2025

नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र से वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री श्रीमती नाज़नीन खानम के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं का एक बड़ा जत्था पटना के लिए रवाना हुआ, जो श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे ऐतिहासिक वोटर अधिकार मार्च में शामिल होगा। इस अवसर पर श्रीमती खानम ने कहा कि 17 अगस्त से महागठबंधन दलों द्वारा शुरू की गई वोटर अधिकार यात्रा को अपार जनसमर्थन मिला है और इसकी ऐतिहासिक सफलता ने एनडीए खेमे में गहरी बेचैनी पैदा कर दी है।

उन्होंने कहा कि चम्पारण की धरती ने हमेशा लोकतंत्र की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाई है। यहां हजारों लोगों ने इस यात्रा में भाग लेकर जनशक्ति का अद्वितीय प्रदर्शन किया है। नरकटियागंज क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन उनके आह्वान पर यात्रा का हिस्सा बने, जिससे यह साबित हुआ कि जनता अब महागठबंधन के पक्ष में है।

श्रीमती खानम ने नरकटियागंज विधानसभा के दर्जनों गांवों का दौरा कर लोगों से सीधे संवाद स्थापित किया था। उनकी अपील पर बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और किसानों ने यात्रा में भागीदारी सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि गरीब, मजलूम, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज की आवाज़ को बुलंद करने का यह आंदोलन अब जनआंदोलन में बदल चुका है।

कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री की सक्रियता ने पूरे चम्पारण में नया राजनीतिक संदेश दिया है। मरहूम भाई फखरूद्दीन खां को चाहने वाले लाखों लोग आज भी उनके परिवार और विचारधारा के साथ खड़े हैं। ऐसे में नाज़नीन खानम की पहल से महागठबंधन को एक नई मजबूती मिली है।

उन्होंने विश्वास जताया कि जिस प्रकार चम्पारण ने स्वतंत्रता संग्राम में गांधीजी को ऐतिहासिक सफलता दिलाई थी, उसी तरह अब वोटर अधिकार यात्रा भी आम जनता के अधिकारों की लड़ाई में मील का पत्थर साबित होगी।

साथ ही उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा के लिए यह संघर्ष महज एक यात्रा नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए उम्मीद का संदेश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें और आने वाले समय में जनता की आवाज़ को और मजबूत बनाएँ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here