पुलिसकर्मी बनकर उचक्कों ने अधेड़ से ठगे 28 हजार रुपये
आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिसकर्मी बनकर बाइक सवार दो उचक्कों ने एक अधेड़ से 28 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित की पहचान धोबनी पंचायत के लिपनी गांव निवासी रहमान मियां के पुत्र इस्लाम मियां (55) के रूप में हुई है। इस्लाम मियां के अनुसार, उन्होंने कंधवलिया स्थित सेंट्रल बैंक से सुबह 11:15 बजे 28 हजार रुपये निकाले और साइकिल से घर लौटने लगे। दोपहर करीब 12 बजे पेट्रोल पंप से पहले बाइक सवार दो लोगों ने उन्हें रोका। खुद को पुलिसकर्मी बताकर रुपये निकालने की बात कही और पैसे दिखाने को कहा। रुपये देखने के बाद दोनों ने उन्हें पैसे सौंपने और बैंक चलने को कहा। उनके कहने पर इस्लाम ने रुपये दे दिए। बैंक पहुंचने पर दोनों नहीं मिले, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि आवेदन नहीं मिला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है।
