बेतिया में ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेलर्स का भव्य आगाज, अभिनेत्री काजल राघवानी ने बढ़ाई समारोह की रौनक
सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने किया उद्घाटन, 2028 तक बिहार में 30 शोरूम खोलने की कंपनी की योजना
आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण बिहार
पश्चिम चंपारण के बेतिया शहर स्थित सुप्रिया रोड मुख्य पथ पर ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेलर्स के पहले शोरूम की शुरुआत भव्य समारोह के बीच हुई। भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया। पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने फीता काटकर शोरूम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और व्यवसाय जगत से जुड़े लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। समारोह में एमएलसी सौरभ कुमार, विधायक नारायण शाह, पूर्व विधायक उमाकांत सिंह, पूर्व विधायक राघव शरण पांडेय, पूर्व विधायक प्रकाश राय, भाजपा नेता राहुल कुमार तथा प्रमुख शंभू तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी और नए शोरूम को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला।

अभिनेत्री काजल राघवानी ने आभूषणों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और आधुनिक फैशन का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेतिया में शुरू हुआ यह प्रतिष्ठान ग्राहकों की पसंद के अनुरूप आकर्षक डिजाइन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कंपनी के डायरेक्टर अनूप सराफ ने बताया कि वर्ष 1940 से ग्राहकों का विश्वास ऐश्प्रा की पहचान रहा है। कंपनी इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2028 तक बिहार के विभिन्न शहरों में 30 शोरूम खोलने की दिशा में काम कर रही है।

वहीं, बेतिया के फ्रेंचाइजी ओनर विवेक कनोडिया ने कहा कि ग्राहकों को पारंपरिक, ब्राइडल और आधुनिक आभूषणों के बेहतर विकल्पों के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं भरोसेमंद खरीदारी का अनुभव उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। इस शुभारंभ के साथ बेतिया के आभूषण बाजार में एक नए प्रतिष्ठान की शुरुआत हुई।
