बगहा-2 के मनरेगा भवन से सरकारी दस्तावेज चोरी का मामला आया सामने, जांच में जुटा प्रशासन

0
IMG-20261022-WA0005.jpg

दुर्गा पूजा की छुट्टी के दौरान हुई घटना, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटे अधिकारी

शादमान शकील हैदर बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। प्रखंड बगहा-2 के मनरेगा भवन में रखे पुराने राजस्व दस्तावेज, कार्बन रसीद और प्रखंड कार्यालय से संबंधित अन्य सरकारी कागजात की चोरी का मामला सामने आया है। घटना 19 अक्टूबर को दुर्गा पूजा की छुट्टी के दौरान हुई। सूचना मिलने के बाद अंचल प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात बच्चों और अन्य लोगों द्वारा मनरेगा भवन में रखे सरकारी दस्तावेजों को खिड़की की जाली की तरफ से निकालकर ई-रिक्शा से ले जाने की सूचना मिली थी। बताया गया कि इन कागजातों को रद्दी में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। मामले की जानकारी बगहा-2 के अंचलाधिकारी वसीम अकरम और राजस्व पदाधिकारी रवि प्रकाश चौधरी को मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की।अंचलाधिकारी ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बगहा-2 में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कराई। फुटेज में कुछ बच्चों और अन्य लोगों को कथित तौर पर दस्तावेज ले जाते हुए देखा गया। इसके बाद अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया। बताया गया कि अंचल नाजिर के आवेदन के आधार पर पटखौली थाना को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, चोरी हुए दस्तावेजों की पूरी सूची और बरामदगी के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

चारदीवारी नहीं होने से सुरक्षा पर उठे सवाल

प्रखंड कार्यालय परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सरकारी भवनों और दस्तावेजों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर प्रखंड परिसर की चारदीवारी नहीं होने को सुरक्षा में बड़ी कमी माना जा रहा है। आरोप है कि परिसर खुला रहने के कारण असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। इससे सरकारी सामान और कागजात के साथ-साथ वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।ऐसे में प्रखंड परिसर के चारों ओर चारदीवारी का निर्माण कराने, महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।फिलहाल, मामले में पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!