विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। गोवर्धना थाना से संबंधित एक मामले में प्राप्त शिकायत और उपलब्ध तथ्यों की समीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक बगहा राजेश कुमार ने पु०अ०नि. जितेन्द्र कुमार राय के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए पुलिस केंद्र, बगहा में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने का आदेश दिया गया है। मामला गोवर्धना थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी एक आवेदक से जुड़ा है। आवेदक ने लकड़ी काटने को लेकर उत्पन्न विवाद के संबंध में पुलिस से शिकायत की थी। आरोप है कि संबंधित पुलिस पदाधिकारी ने बिना किसी वरीय पदाधिकारी की अनुमति अथवा उचित जांच के, विवादित लकड़ी को एक पक्ष के प्रभाव में आकर 10 सितंबर 2026 को उसे सौंप दिया।

मामले में बाद में संबंधित पदाधिकारी से स्पष्टीकरण की मांग की गई, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। पुलिस अधीक्षक की समीक्षा में प्रथम दृष्टया कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानेपन और अनुशासनहीनता सामने आने के बाद कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में कर्तव्य निर्वहन के दौरान लापरवाही, अनुशासनहीनता या मनमाने आचरण को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






