वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वन महोत्सव और नए पर्यटन सत्र के शुभारंभ की तैयारियों को लेकर वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। वन क्षेत्र के अंदर प्लास्टिक, कचरा और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर पर्यटक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का कार्य किया जा रहा है।
वीटीआर वाल्मीकिनगर के रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि वन महोत्सव और नए पर्यटन सत्र की तैयारियों के मद्देनजर वन विभाग की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत पर्यटक स्थलों के साथ जंगल कैंप, इको पार्क, कैनोपी झूला क्षेत्र, त्रिवेणी संगम तट तथा वीटीआर जंगल में स्थित धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि वन क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही के दौरान छोड़े गए प्लास्टिक और अन्य कचरे को चिन्हित कर हटाया जा रहा है। साथ ही पर्यटन स्थलों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए वन कर्मियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है। रेंजर ने बताया कि नए पर्यटन सत्र के दौरान वीटीआर आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ और प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। जंगल और पर्यटक स्थलों को साफ रखने के साथ लोगों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
वन विभाग का कहना है कि वन क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखना वन्यजीवों और पर्यावरण के संरक्षण के लिए भी जरूरी है। अभियान के दौरान वन कर्मियों की टीम लगातार विभिन्न पर्यटन स्थलों और जंगल क्षेत्रों में साफ-सफाई की निगरानी कर रही है।






