Tuesday, October 6, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास S2P Life Foundation की तृतीय वर्षगांठ पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं...

S2P Life Foundation की तृतीय वर्षगांठ पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को किया गया सम्मानित

0
6

रमेश ठाकुर – बेतिया पश्चिम चंपारण
दिनांक:- 05-10-2026

बेतिया। महिला सुरक्षा, योग, गुरुकुल पद्धति एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बिहार, एनसीआर, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश में लगातार तीन वर्षों से कार्यरत S2P Life Foundation ने बेतिया स्थित देवराहा बाबा मंदिर परिसर में अपनी तृतीय वर्षगांठ समारोहपूर्वक मनाई। फाउंडेशन की अनुषंगी संस्था श्रीमद् नारायणी सेना के तत्वावधान में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं बालिकाओं के बीच चित्रकला, निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। तीनों विधाओं में कुल 105 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

विजेताओं को मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया, विहिप नेता विजय कश्यप एवं निगम पार्षद रिंकू देवी ने संयुक्त रूप से मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया। वहीं अन्य सभी प्रतिभागियों को भी फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

‘बच्चे ही देश के भविष्य हैं’ : गरिमा सिकारिया

सैकड़ों की संख्या में उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि बच्चे ही देश के भविष्य हैं। उन्होंने S2P Life Foundation द्वारा बालिकाओं की आत्मरक्षा के लिए संचालित मार्शल आर्ट एवं निःशुल्क जूडो-कराटे प्रशिक्षण, शिक्षा के लिए गुरुकुल पद्धति तथा योग एवं मेडिटेशन कक्षाओं की सराहना की।

योग और संस्कार से मजबूत होता है व्यक्तित्व : विजय कश्यप

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विहिप नेता विजय कश्यप ने योग, चरित्र निर्माण एवं संस्कारित जीवन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को नैतिक मूल्यों को अपनाने, अनुशासन का पालन करने तथा संस्कारित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

सेल्फ डिफेंस और योग से आत्मनिर्भर बन रहे बच्चे

कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के मुख्य प्रबंध निदेशक विकास पाण्डेय ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने नगरीय क्षेत्र में फाउंडेशन की ओर से संचालित सेल्फ डिफेंस, योग कक्षाओं एवं गुरुकुल पद्धति के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने लोगों से इन गतिविधियों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

देवराहा बाबा मंदिर परिसर में रोपे गए औषधीय पौधे

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए देवराहा बाबा मंदिर परिसर में औषधीय पौधों का पौधारोपण भी किया गया। महापौर गरिमा देवी सिकारिया, विजय कश्यप, फाउंडेशन के निदेशक एवं प्रबंध निदेशक तथा मंदिर समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से पौधे लगाए।

मंदिर में सुविधाओं के विस्तार को लेकर सौंपा ज्ञापन

कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। देवराहा बाबा मंदिर समिति की ओर से महापौर गरिमा देवी सिकारिया को बुके देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मंदिर परिसर में लाइट, प्याऊ एवं यज्ञशाला भवन निर्माण के संबंध में ज्ञापन भी सौंपा गया।

अधिवक्ता निखिल चन्द्र पाण्डेय ने किया मंच संचालन

कार्यक्रम की एंकरिंग बेतिया सिविल कोर्ट के अधिवक्ता निखिल चन्द्र पाण्डेय ने की। कार्यक्रम में अंजली, रीतू, सुजीत, सीमा सोनी, वंदना पाण्डेय, नवनीत मुस्कान, मोहन गुप्ता समेत देवराहा बाबा मंदिर के अनिल सिन्हा, भगवान मल्ल एवं अनिल राय ने भी अपने विचार रखे।

प्रसाद एवं भोजन की भी रही व्यवस्था

कार्यक्रम के अंत में संस्था के निदेशक आनन्द मोहन सिंह ने आगत अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में शामिल बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए प्रसाद एवं भोजन की भी व्यवस्था की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!