विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस जिला बगहा में शनिवार को विशेष सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहनों की जांच की।अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने विभिन्न स्थानों पर चल रहे वाहन जांच अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सघन वाहन जांच करने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की भी बारीकी से जांच करने का निर्देश दिया।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वाहन जांच के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों के अनुपालन पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष वाहन जांच एवं सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।






