आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। जिउतिया पर्व के अवसर पर शनिवार को गोनौली-डुमरा पंचायत के गोनौली गांव स्थित छठ घाट के समीप सिकरहना नदी में स्नान करने के दौरान आठ वर्षीय बच्चे के डूबने की सूचना है। ग्रामीणों के अनुसार, बच्चे की पहचान वार्ड संख्या छह निवासी बृजेश साहनी के सबसे छोटे पुत्र बब्लू कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि बब्लू अपने बड़े भाई बंटी के साथ नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी आशु रंजन ने एनडीआरएफ को जानकारी दी। इसके बाद एनडीआरएफ की दो टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और नदी में बच्चे की तलाश शुरू की। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान भी मौके पर पहुंचे।

समाचार लिखे जाने तक बच्चे के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, बब्लू दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा है। उसके पिता मजदूरी के सिलसिले में चंडीगढ़ गए हुए हैं।






