आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बाढ़ प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत और मुआवजा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए लौरिया विधायक विनय बिहारी ने आंदोलन की चेतावनी दी है। सोमवार को प्रखंड कार्यालय में उन्होंने कहा कि जोगापट्टी की 12 पंचायतों के सैकड़ों गांव गंडक नदी की बाढ़ से प्रभावित हैं। सिसवा और मंगलपुर इलाके में कई घरों के नदी में समाने की बात भी उन्होंने कही। लौरिया प्रखंड में सिकरहना, बलौर, मसान और पंडई नदियों के उफान से कई पंचायत प्रभावित हैं।

विधायक के अनुसार, उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से चार बार और आपदा प्रबंधन मंत्री से दो बार मुलाकात कर प्रभावितों की समस्याएं रखी हैं। जिलाधिकारी से भी कई बार मांग की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक पॉलीथिन शीट के अलावा अपेक्षित राहत नहीं मिली है। विधायक ने कहा कि सोमवार को जिलाधिकारी से पुनः मिलकर मांग रखेंगे। सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार से जिला समाहरणालय परिसर में धरना दिया जाएगा। मौके पर संजय कुमार और लड्ड सिंह मौजूद रहे।






