आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
रामनगर/बेतिया। थाना क्षेत्र के मिल बहुअरी गांव में सोमवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान करीब 20 वर्षीय हुस्नतारा खातून के रूप में हुई है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने और दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बताया गया कि घटना के समय मृतका की गोद में सात-आठ माह की बच्ची थी। घटना की जानकारी करीब एक घंटे बाद स्वजन को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतका की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सरफराज आलम से हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की बात कही गई है।






