अगले नगर निकाय चुनाव से पहले स्वीकृति देने का सरकार से किया अनुरोध
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा, पश्चिम चंपारण। वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार ने वाल्मीकिनगर एवं हरनाटांड़ को नगर पंचायत के रूप में सृजित करने के लिए प्रस्ताव भेजे जाने पर खुशी जताई है। उन्होंने इस दिशा में सकारात्मक पहल के लिए बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी नगर निकाय चुनाव से पूर्व दोनों क्षेत्रों को नगर पंचायत का दर्जा देने की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है। सांसद सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने 22 जुलाई 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर वाल्मीकिनगर एवं हरनाटांड़ को नगर पंचायत के रूप में सृजित करने का आग्रह किया था। उनके अनुसार, इस पत्र के आलोक में 14 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से नगर एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को मामले में यथोचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

इसके बाद नगर विकास विभाग की ओर से जिला प्रशासन से इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव मांगा गया। विभागीय निर्देश के आलोक में बगहा-2 प्रखंड प्रशासन द्वारा वाल्मीकिनगर एवं हरनाटांड़ को नगर पंचायत के रूप में सृजित करने संबंधी प्रस्ताव नगर विकास विभाग को भेज दिया गया है। सांसद ने कहा कि नगर निकाय के गठन से संबंधित क्षेत्रों में शहरी सुविधाओं के विस्तार तथा विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं बिहार सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की सकारात्मक पहल से इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ी है। सांसद सुनील कुमार ने सरकार से आग्रह किया कि प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेते हुए अगले नगर निकाय चुनाव से पूर्व नगर पंचायत के गठन की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि संबंधित क्षेत्रों के लोगों को इसका लाभ मिल सके।

वहीं, सांसद ने सिकटा बीडीओ को भी सिकटा को नगर निकाय के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव सरकार को भेजने का निर्देश दिया है।






