Monday, September 14, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास रेवहिया रेता में गंडक नदी के कटाव का एसडीओ ने किया निरीक्षण

रेवहिया रेता में गंडक नदी के कटाव का एसडीओ ने किया निरीक्षण

0
16

बाढ़ विशेषज्ञों की टीम ने कटाव रोकने के उपायों पर की चर्चा, तत्काल शुरू हुआ कटाव निरोधी कार्य

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। मधुबनी प्रखंड के चिउरही पंचायत अंतर्गत रेवहिया रेता में गंडक नदी द्वारा किए जा रहे कटाव का रविवार को बगहा अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती चांदनी कुमारी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदी के बढ़ते कटाव एवं उससे उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया गया। मौके पर पटना से पहुंचे बाढ़ विशेषज्ञ अब्दुल हमीद एवं उनकी टीम, बाढ़ प्रमंडल बगहा के कार्यपालक अभियंता, मधुबनी अंचल के अंचल अधिकारी नंदलाल राम सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान बाढ़ विशेषज्ञ अब्दुल हमीद एवं उनकी टीम ने गंडक नदी की धारा और कटाव की स्थिति का स्थल पर बारीकी से आकलन किया। विशेषज्ञों ने कटाव को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न तकनीकी उपायों पर अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ चर्चा की।

इस दौरान नदी के कटाव को कम करने के लिए ‘हाथी पांव’ सहित अन्य कटाव निरोधी तकनीकों के इस्तेमाल पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बताया कि नदी के कटाव से प्रभावित क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर कटाव की गति को कम करने तथा संवेदनशील स्थानों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। निरीक्षण के बाद कटाव प्रभावित स्थल पर कटाव निरोधी कार्य तत्काल प्रारंभ कर दिया गया। प्रशासन एवं बाढ़ विभाग की टीम द्वारा संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि नदी के कटाव से ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों को होने वाले संभावित नुकसान को कम किया जा सके।

एसडीओ चांदनी कुमारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, ग्रामीणों ने भी प्रशासन की ओर से तत्काल शुरू किए गए कटाव निरोधी कार्य पर संतोष व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!