वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
थाना क्षेत्र में मधनिषेध कानून के तहत पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 10 लीटर चुलाई शराब जब्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की संध्या गश्ती के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि धगरहिया टोला में अवैध रूप से देशी चुलाई शराब का निर्माण एवं बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन हेतु पुलिस टीम, जिसमें अनिल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं चौकीदार शामिल थे, तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी देखते हुए तस्कर घर छोड़कर भागने लगा पुलिस बल ने पीछा किया परंतु घनी आबादी का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस की इस कार्रवाई को देखकर ग्रामीण लोग इकट्ठा हो गए, उपस्थित लोगों से भागने वाला व्यक्ति के बारे में पूछा गया तो भागने वाले व्यक्ति का नाम राजेश उराव बताया गया। साक्षी के समक्ष घर की तलाशी लिया गया तो घर में रखे पीला रंग का डालडा वाला 15 लीटर के डब्बे में 10 लीटर खुला देसी चुलाई शराब बरामद हुआ।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी शराब के संबंध में जानकारी नहीं दी। कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने जब्ती सूची तैयार कर एक लीटर शराब को जांच हेतु सील कर लिया तथा शेष शराब को जब्त कर थाना लाया गया। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के कारण इस प्रकार की गतिविधियां गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं। पुलिस ने शराब तस्कर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।






