Tuesday, August 25, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास आवासीय विद्यालय में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्त नमूना संग्रह कार्यक्रम का...

आवासीय विद्यालय में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्त नमूना संग्रह कार्यक्रम का आयोजन

0
12

वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट

वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के संतपुर सोहरिया पंचायत के कदमहिया में मंगलवार को क्षेत्रीय अनुसंधान संस्थान अगमकुआं पटना द्वारा जांच शिविर लगा,एनीमिया परियोजना के अंतर्गत भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगा रक्त नमूना संग्रह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 71 किशोरियों के एनीमिया परीक्षण के लिए रक्त के नमूने एकत्र किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के अनुसंधान अधिकारियों और परियोजना टीम के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. बनमाली दास और अशोक सिन्हा सर का मार्गदर्शन एवं सहयोग भी प्राप्त हुआ। इस बाबत डॉक्टर बनमाली दास ने बताया कि जांच के माध्यम से किशोरियों में एनीमिया की स्थिति का वैज्ञानिक आकलन किया जाएगा, जिससे आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और आगे की आवश्यक कार्रवाई में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्या अनुपमा कुमारी और संजीत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रबंधन ने किशोरियों को जांच के लिए प्रेरित करने तथा पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग प्रदान किया।


रक्त नमूनों की जांच प्रक्रिया में आयुष मंत्रालय द्वारा चयनित प्रयोगशाला एमजे डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक मृत्युंजय कुमार की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। उन्होंने टीम के साथ उपस्थित रहकर रक्त नमूना संग्रह और जांच प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर आदिवासी अनुरक्षण अनुसंधान कार्यक्रम के सदस्य डॉ. शमीम आलम, प्रकाश कुमार और विसम्बर हलदार सहित अन्य सहयोगी सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रकाश कुमार ने बताया कि किशोरियों में एनीमिया की समय पर पहचान स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं आयरन-युक्त आहार, उचित पोषण तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श के माध्यम से एनीमिया की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण और एनीमिया की रोकथाम के लिए इस प्रकार के सामुदायिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!