सिवान के बिहार से पंकज सिंह की रिपोर्ट
सिवान जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से सिवान के जिलाधिकारी विवेक कुमार और पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा के नेतृत्व में शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जेपी चौक से प्रारंभ होकर गोपालगंज मोड़, ललित बस स्टैंड, तरवारा मोड़, हॉस्पिटल मोड़ होते हुए बसंतपुर मोड़ तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंगा नियंत्रण बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के दौरान डीएम और एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

साथ ही स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं जिलाधिकारी विवेक कुमार ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। फ्लैग मार्च के दौरान शहर में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला और आमजन ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।






