बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के सैचानी गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल खेत में धान की रोपाई कर रहे थे, तभी अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। घायलों की पहचान देवराज महतो, नीरज महतो, विजय महतो और सुशील भगत के रूप में की गई है। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के बीच खेत में काम करने के दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों में चिंता की लहर दौड़ गई। चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है, हालांकि उन्हें निगरानी में रखा गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम और आकाशीय बिजली की संभावना के दौरान खेत या खुले स्थानों में काम करने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से सुरक्षित रहा जा सके।






