वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
पर्यटन नगरी वाल्मीकि नगर में हो रही बारिश के कारण रहुआ नाला उफान पर है। नाले का पानी चकदहवा पंचायत के दुर्गम बिन टोला में खेत-खलिहानों तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जलस्तर लगातार बढ़ने से लोगों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो पानी जल्द ही रिहायशी इलाकों में भी प्रवेश कर सकता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यह इलाका बाढ़ की चपेट में आ जाता है। गंडक नदी और रहुआ नाला का बढ़ा हुआ जलस्तर चकदहवा, कानही टोला, बिन टोला और झंडू टोला में भारी तबाही मचाता है।

बाढ़ के कारण फसलें जलमग्न हो जाती हैं, आवागमन बाधित हो जाता है और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिन टोला में स्थित एसएसबी कैंप भी बाढ़ के खतरे की जद में रहता है। कई बार बाढ़ का पानी कैंप परिसर तक पहुंच चुका है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और आवाजाही पर भी असर पड़ता है।
विवादित सुस्ता के सीमावर्ती क्षेत्र से सटे इस इलाके में बाढ़ का खतरा हर साल लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। फिलहाल रहुआ नाले का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा समय रहते राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।






