वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र में धान की रोपाई के लिए बोरिंग से खेत में पानी पटाने के दौरान करंट लगने से 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे बगहा क्षेत्र के पिपरा कुटी स्थित बर्मा टोली में हुई।
मृतक की पहचान अशोक राय (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अशोक राय सुबह खेत में बोरिंग चलाकर धान रोपनी के लिए पानी पटा रहे थे। इसी दौरान वे बिजली के करंट की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। अशोक राय अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में खेतों में बिजली से चलने वाले बोरिंग के उपयोग के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। समाचार प्रेषण तक मृतक का अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा कर दिया गया था।






