वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
भारत-नेपाल सीमा से जुड़े लोगों के लिए राहत भरी खबर है। वाल्मीकिनगर-त्रिवेणी सीमा पर डिजिटल भंसार (कस्टम) सेवा शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद भारतीय चारपहिया वाहनों की नेपाल में प्रवेश प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी सरल हो गई है। अब वाहन चालकों को भंसार की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार, पहले भारतीय वाहनों को नेपाल में प्रवेश के लिए भंसार प्रक्रिया पूरी करने हेतु लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे लोगों का समय और पैसा दोनों खर्च होता था। लंबे समय से सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों द्वारा इस व्यवस्था में सुधार की मांग की जा रही थी। जनप्रतिनिधियों की पहल और स्थानीय लोगों के प्रयास के बाद अब वाल्मीकिनगर-त्रिवेणी भंसार कार्यालय में डिजिटल सेवा शुरू कर दी गई है।

नई व्यवस्था के तहत भारतीय चारपहिया वाहनों का प्रवेश पंजीकरण और भंसार की प्रक्रिया अब सीमा पर ही पूरी की जाएगी। साथ ही भारतीय वाहन केवल एंट्री दर्ज कराकर नेपाल सीमा के भीतर लगभग नौ किलोमीटर तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के आवागमन कर सकेंगे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए नेपाल सरकार और संबंधित अधिकारियों का आभार जताया है। उनका कहना है कि इससे सीमा पार रहने वाले लोगों, व्यापारियों और पारिवारिक कार्यक्रमों में आने-जाने वालों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
अब तक कई बार ऐसा होता था कि शादी-विवाह या अन्य जरूरी कार्यों के लिए जाने वाले लोगों को सीमा पर वाहन छोड़कर ई-रिक्शा या अन्य साधनों से आगे जाना पड़ता था।






