वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के वीटीआर से सटे चकदहवा गांव में बाघ ने तबेले में घुसकर भैंस को मार डालने की घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। घटना चकदहवा निवासी आसीन अंसारी के घर की बताई जा रही है।
पूर्व मुखिया मोहम्मद कलाम ने बताया कि आधी रात के समय बाघ आसीन अंसारी के तबेले में घुस गया और खूंटे से बंधी भैंस पर हमला कर दिया। बाघ ने भैंस को मौत के घाट उतारने के बाद उसके शरीर का कुछ हिस्सा भी खा लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना स्थल पर बाघ और भैंस के बीच हुए संघर्ष के कई निशान मिले हैं, जो हमले की भयावहता को बयां कर रहे हैं। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पूर्व बीडीसी गुलाब अंसारी ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचे और इनके देख रेख मे ग्रामीणों की मदद से भैंस के शव को दफना दिया गया।
रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित पशुपालक से आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा वन्यजीव दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की। लगातार वन्यजीवों की गतिविधियों के कारण चकदहवा और आसपास के गांवों के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और बाघ की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।






