बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण): जल संसाधन विभाग स्थित डी-टाइप कॉलोनी में आम चुनने गई एक महिला को करैत सांप ने डंस लिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए नेपाल के त्रिवेणी स्थित मिलिट्री कैंप अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला कॉलोनी परिसर के समीप आम चुनने गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे करैत सांप ने उस पर हमला कर दिया। महिला के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण जंगलों में रहने वाले सांप और अन्य वन्यजीव अब रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि वाल्मीकिनगर, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के नजदीक स्थित है, जहां से सटे इलाकों में अक्सर सांप, जंगली सूअर, हिरण समेत अन्य वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। गर्मी के मौसम में ऐसे मामलों में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।






