वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
पर्यटन नगरी वाल्मीकि नगर में बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लेखेंद्र कुमार रोशन ने शुक्रवार को अपने वाल्मीकिनगर दौरे के दौरान वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के बीच स्थित पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के वाल्मीकि आश्रम का भ्रमण कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने आश्रम की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन संभावनाओं का अवलोकन करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास पर चर्चा की।

मंत्री ने महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली माने जाने वाले इस पवित्र स्थल में दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि आश्रम केवल श्रद्धा और आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के साझा सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंधों का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर गंभीर है तथा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

दौरे के दौरान मंत्री ने भारत-नेपाल सीमा को जोड़ने वाले गंडक बराज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बराज से संबंधित अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था, रखरखाव और क्षेत्रीय महत्व की विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। साथ ही क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

इस अवसर पर बगहा विधायक राम सिंह, वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह, थारू विकास समिति के निरंजन पंजियार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।






